स्पेन के शल्य चिकित्सकों ने विश्व में पहली बार दोनों पैरों का प्रतिरोपण किया है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार यह दुर्लभ आपरेशन उस व्यक्ति का किया गया जिसके दोनों पैर एक दुर्घटना के बाद घुटने के ऊपर से काट दिए गए थे। इस आपरेशन से दुनिया भर के उन लाखों लोगों के लिए आशा की एक किरण जगी है जिनके अंग किसी दुर्घटना के कारण काटने पड़े हैं। किसी दानकर्ता से मिले पैरों का दूसरे व्यक्ति में प्रतिरोपण करने का यह पहला मामला है। वेलेंसिया के स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि डाक्टर पेड्रो कवाडेस के नेतृत्व में चिकित्सकों के दल ने रात भर यह आपरेशन किया। पहले इस व्यक्ति को कृत्रिम पैर लगाए गए थे, लेकिन उनके असुविधाजनक होने के कारण यह व्यक्ति व्हील चेयर के सहारे जीवन बिताने पर मजबूर हो गया था। यह आपरेशन वेलेंसिया के ला फे अस्पताल में किया गया जिसके बाद स्वास्थ्य अधिकारी ने एक बयान में बताया कि विश्व में पहली बार इस प्रकार का कोई प्रतिरोपण किया गया है। अभी तक दानकर्ता और मरीज दोनों के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारियां बाद में देने का आश्वासन दिया है।(एरिब डाट आई आर के धन्यवाद के साथ)। ......166